जनजातीय गौरव दिवस पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्या कहा?
जनजातीय गौरव दिवस पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्या कहा?

15 नवंबर 2022 मंगलवार को जनजातीय गौरव दिवस पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ा ऐलान किया। धामी ने कहा कि प्रदेश में जनजाति समाज की कला एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए कारपस फंड बनाया जाएगा। देहरादून में राज्य जनजाति शोध संस्थान में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित गौरव महोत्सव में उन्होंने इसकी घोषणा की। सीएम ने कहा कि हर साल जनजाति गौरव दिवस आयोजित किया जाएगा।

पिछले साल प्रधानमंत्री ने हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाये जाने की घोषणा की थी। इससे जहां एक ओर जनजातीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, वहीं गैर जनजातीय समुदाय भी जनजातीय समाज की कला एवं संस्कृति की विशेषताओं से अवगत होते हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनजातीय गौरव दिवस पर कहा कि सीमान्त क्षेत्रों में जनजातीय छात्रों की बेहतर शिक्षा व्यवस्था हेतु आवासीय विद्यालयों की स्थापना पर विचार किया जायेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजाति कल्याण समिति को भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराये जाने की भी बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के अमृतकाल में भगवान बिरसा मुण्डा के आशीर्वाद से हमारा देश अपने अमृत संकल्पों को पूर्ण करने में अवश्य सफल होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले की सरकारों में आदिवासी समाज को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक राजनैतिक इच्छाशक्ति की कमी थी परंतु 2014 के बाद से देश में आदिवासी समाज के हितों का ध्यान रखकर ही देश और प्रदेश की सरकारें अपनी योजनाएं बना रही है।